वार्षिकोत्सव, नवारंभ एवं माता उन्मुखी कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न
शाहगंज ब्लॉक के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय गोरारी में वार्षिकोत्सव, नवारंभ एवं माता उन्मुखी कार्यक्रम बड़े ही धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी शाहगंज बसंत शुक्ल रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक एवं ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियों से उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि बसंत शुक्ल ने अपने संबोधन में विद्यालय परिवार एवं बच्चों की सराहना करते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करें तथा संचालित सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
जिला उपाध्यक्ष, प्राथमिक शिक्षक संघ प्रशांत मिश्र ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उनके अभिव्यक्ति कौशल को निखारते हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान अशोक सोनकर, देवेन्द्र सिंह, राजीव पाठक, चंद्रजीत मौर्य, अखिलेश कुमार, वीरेंद्र कुमार, वीरेंद्र यादव, ओम प्रकाश वर्मा, मंजू मौर्या, मंजू देवी, नीलम मौर्य, निशा कुमारी, बृजेंद्र यादव, रजनीकांत यादव, सुनीता प्रजापति, रीता यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रधानाध्यापिका शिवानी मौर्य एवं सहायक अध्यापिका अनुपम भट्ट ने संयुक्त रूप से किया। अंत में प्रधानाध्यापिका शिवानी मौर्य ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
