कृष्ण कृपा से सराबोर हुआ मुरली रायपुर, नामकरण प्रसंग ने भक्ति में डुबोया जनसमूह

*कृष्ण कृपा से सराबोर हुआ मुरली रायपुर, नामकरण प्रसंग ने भक्ति में डुबोया जनसमूह*

*कृष्ण” नाम की महिमा सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु, गूंजा पूरा क्षेत्र जय श्रीकृष्ण के जयकारों से*

 

अशोक कुमार वर्मा

 

लम्भुआ सुल्तानपुर। लम्भुआ क्षेत्र के मुरली रायपुर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा व्यास आचार्य मनमोहन मिश्र ने भगवान श्रीकृष्ण के नामकरण संस्कार का इतना भावपूर्ण वर्णन किया कि श्रद्धालु भक्ति में सराबोर हो उठे।

कथा के दौरान नंद बाबा और महर्षि गर्गाचार्य के प्रसंग को विस्तार से बताते हुए आचार्य जी ने “कृष्ण” नाम की दिव्यता और महिमा को समझाया। इस दिव्य कथा को सुनकर पूरा पंडाल “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से गूंज उठा।

आचार्य मनमोहन मिश्र ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भी मधुर वर्णन किया, जिससे श्रद्धालु भक्ति रस में डूब गए। गोकुल के नामकरण उत्सव का चित्रण करते हुए उन्होंने बताया कि कैसे उस समय हर ओर आनंद, प्रेम और भक्ति की धारा प्रवाहित हो रही थी।

मुख्य यजमान ब्रह्म देव मिश्रा के सानिध्य में आयोजित इस कथा में सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी शामिल हुए और कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

पूरे आयोजन स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति का ऐसा वातावरण बना रहा कि हर श्रद्धालु स्वयं को धन्य महसूस करता नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *