डीएम डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न

*डीएम डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न*

*निर्वाचन नामावली और फसल क्षति सर्वे पर दिए निर्देश*

*********************

*अरुण कुमार जायसवाल ( जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। कलेक्टरेट सभागार में देर शाम जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में पंचायत निर्वाचन नामावली, विधान परिषद निर्वाचन तथा फसल क्षति सर्वेक्षण के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी उप जिलाधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत), तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) शामिल रहे।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पंचायत निर्वाचक नामावली में संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन कर एसडीएम लॉगिन से फीडिंग पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि ई-बीएलओ ऐप से फीड किए गए डेटा का समय से अप्रूवल कराया जाए। साथ ही ऑनलाइन प्राप्त आवेदन पत्रों की जांच कर उन्हें एसडीएम लॉगिन से स्वीकृत या अस्वीकृत करने के निर्देश दिए।

 

डीएम ने यह भी कहा कि जिले स्तर से फीड किए गए डेटा की पांडुलिपि की दो प्रतियां आगामी 5 नवंबर तक जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) में जमा कराई जाएं। वहीं विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर उन्होंने निर्देश दिया कि 4 नवंबर से बीएलओ मतदाताओं को गणना पत्रक का वितरण शुरू करें।

 

वाराणसी खंड स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित सभी मतदान केंद्रों पर प्राप्त फॉर्म-18 एवं फॉर्म-19 की ऑनलाइन प्रविष्टि और सत्यापन शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

 

बारिश से हुई फसल क्षति सर्वे को लेकर डीएम ने कहा कि प्लॉटवार सर्वे रिपोर्ट को राहत पोर्टल पर अपलोड कर उसका सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए।

 

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सौरभ कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, एडीएम राम अक्षय चौहान, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!