*प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र आसपुर देवसरा अंतर्गत नहर किनारे 3 जिंदा बम के साथ युवक गिरफ्तार, कई संगीन मुकदमों में वांछित*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ आसपुर देवसरा थाना पुलिस ने गुरुवार को चेकिंग के दौरान नहर स्थित ऐलाही पुलिया के पास से एक युवक को 3 जिंदा देशी बम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ हत्या, डकैती, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जयकिशुन यादव मय पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक नहर स्थित ऐलाही पुलिया के पास मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 3 अदद जिंदा देशी बम बरामद किए गए। पूछताछ में उसकी पहचान अंकित सिंह (25) पुत्र अमर बहादुर सिंह, निवासी ग्राम महुली थाना आसपुर देवसरा, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई। एसओ राकेश कुमार चौरसिया ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्रतापगढ़ व जौनपुर जनपद में हत्या, डकैती, हत्या का प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी समेत करीब 7 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया।
