*अलविदा जुमे पर सिंगरामऊ में चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था*
*अनिश्चितताओं के बीच दोबारा पढ़ी गई अलविदा की नमाज, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न*
********************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिंगरामऊ (जौनपुर)। रमजान के आखिरी शुक्रवार यानी अलविदा जुमे के अवसर पर सिंगरामऊ क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। नमाज को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई, वहीं सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए थे।

जिलाधिकारी दिनेश चंद्र एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी सिंगरामऊ सैयद हुसैन मुंतज़िर ने गुरुवार शाम से ही क्षेत्र की सभी मस्जिदों का ब्यौरा तैयार कर लिया था। इसके आधार पर शुक्रवार सुबह से पुलिस की छोटी-छोटी टुकड़ियां बनाकर क्षेत्र की लगभग 12 मस्जिदों पर सुरक्षा बल तैनात किया गया।
थाना प्रभारी सैयद हुसैन मुंतज़िर स्वयं भी लगातार विभिन्न मस्जिदों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। वहीं क्षेत्राधिकारी बदलापुर एवं उप जिलाधिकारी बदलापुर योगिता सिंह ने भी संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, विशेषकर बहरीपुर में मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखी।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि किसी भी स्थिति में सड़क पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं होगी। लोगों से अपील की गई कि वे मस्जिदों के अंदर ही नमाज अदा करें। सुरक्षा के मद्देनजर मस्जिदों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल मुस्तैद रहा।
चांद दिखाई न देने के कारण ईद की तिथि को लेकर बनी अनिश्चितता के चलते इस बार अलविदा जुमे की नमाज पुनः अकीदते मोहब्बत के साथ अदा की गई। नमाज के दौरान इमाम और मुअज्जिन द्वारा परंपरानुसार सभी रस्में पूरी कराई गईं तथा देश की तरक्की, अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआएं मांगी गईं।
कस्बा सिंगरामऊ स्थित थाने के पीछे की मस्जिद, साढ़ापुर, गोनौली, परउपट्टी, कुधूवा की पुरानी मस्जिद, मल्लूपुर, बहरीपुर सहित अन्य स्थानों पर कड़ी सुरक्षा के बीच अकीदत और मोहब्बत के साथ नमाज अदा की गई।
सुरक्षा व्यवस्था में कांस्टेबल अभिषेक सिंह, रोहित चौहान, मो. रियाज, हेड कांस्टेबल विशेष द्विवेदी, सब इंस्पेक्टर वंशराज दुबे, तारकेश्वर नाथ दुबे, अब्दुल ओहाब, कांस्टेबल सतीश, रजत पांडे, सौरभ सिंह, सत्येंद्र यादव, गंगेश यादव, जितेंद्र सिंह तथा चालक राजेंद्र प्रसाद शुक्ला सहित अन्य पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी तरह मुस्तैद रहे।
