24 से 26 मार्च तक शाही किले में होगा तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव

*24 से 26 मार्च तक शाही किले में होगा तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव*

******************”**

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

 

जौनपुर। जनपद में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव की तिथि तय कर दी गई है। इस वर्ष महोत्सव का आयोजन 24, 25 और 26 मार्च 2026 को शाही किले में किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने की।

 

बैठक में राज्यमंत्री ने संबंधित विभागों को महोत्सव की जिम्मेदारियां सौंपते हुए निर्देश दिया कि कार्यक्रम को भव्य एवं आकर्षक रूप से आयोजित किया जाए, ताकि जनपद की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक परंपराओं को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जा सके। उन्होंने कहा कि महोत्सव में स्थानीय कलाकारों और लोक संस्कृति को विशेष स्थान दिया जाए, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।

 

बैठक के दौरान महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं के प्रचार-प्रसार को लेकर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आयोजन के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।

 

इसके साथ ही सामूहिक विवाह कार्यक्रम के लिए जोड़ों का शत-प्रतिशत बायोमैट्रिक सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए। महोत्सव में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

 

बैठक में मड़ियाहूं विधायक R. K. पटेल जिलाधिकारी डॉक्टर दिनेश चंद्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *