*प्रतापगढ़ पहुंचे आईजी प्रयागराज अजय कुमार मिश्र पुलिस भर्ती परीक्षा की समीक्षा बैठक*
*पुलिस लाइन में आगमन पर गार्ड ऑफ ऑनर, अधिकारियों को दिए निर्देश*
अनिल मिश्र 
प्रयागराज परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अजय कुमार मिश्र गुरुवार को प्रतापगढ़ पहुंचे। उनका यह दौरा उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) सीधी भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए था।
पुलिस लाइन स्थित सई कॉम्प्लेक्स में पहुंचने पर पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर और सलामी दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर ने उनका स्वागत किया। इसके बाद आईजी मिश्रा ने सई कॉम्प्लेक्स में पुलिस अधीक्षक के साथ एक समीक्षा बैठक की। इस बैठक का उद्देश्य आगामी भर्ती परीक्षा का सफल, सुरक्षित और सुचारु संचालन सुनिश्चित करना था।
बैठक में परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, केंद्रों की निगरानी, अभ्यर्थियों की सुविधाओं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा। उन्होंने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नकल
जैसी गतिविधियों को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, यातायात व्यवस्था और परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। इस समीक्षा बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय, क्षेत्राधिकारी नगर शिव नारायण वैस, क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी, क्षेत्राधिकारी लालगंज आशुतोष मिश्रा, क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी, क्षेत्राधिकारी सदर करिश्मा गुप्ता, क्षेत्राधिकारी कुण्डा अमरनाथ गुप्ता और क्षेत्राधिकारी यातायात अनिल कुमार राय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
