*सई नदी में स्नान के दौरान युवक की डूबने से मौत*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के बीबनमऊ गांव में बुधवार शाम सई नदी में स्नान करते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बीबनमऊ गांव निवासी 28 वर्षीय नानक उर्फ अवनीश यादव पुत्र शिवशंकर यादव के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नानक उर्फ अवनीश यादव बुधवार शाम अपने तीन साथियों के साथ गांव के पास स्थित हनुमान मंदिर के निकट सई नदी में स्नान करने गया था। चारों युवक तैरकर नदी के उस पार गए और वापस लौट रहे थे, तभी नानक गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की बड़ी संख्या मौके पर पहुंच गई और युवक की तलाश शुरू कर दी। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे तक खोजबीन कराई, जिसके बाद युवक का शव डूबने वाले स्थान से लगभग 200 मीटर दूर इजरी गांव की ओर बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
