जपटापुर–पोटरिया मार्ग पर युवक का शव मिलने से सनसनी

*जपटापुर–पोटरिया मार्ग पर युवक का शव मिलने से सनसनी*

********************

*अरुण कुमार जायसवाल ( जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के जपटापुर–पोटरिया मार्ग पर मंगलवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लपरी गांव निवासी राधेश्याम बिन्द (36) के रूप में हुई है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा। सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव का निरीक्षण कर उसे कब्जे में ले लिया।

 

प्रारंभिक जांच में मृत्यु के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। बताया जा रहा है कि राधेश्याम के दो भाई मुंबई में रहते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वे जौनपुर के लिए रवाना हो गए हैं। परिजनों के अनुरोध पर परिवार के सभी सदस्यों के पहुंचने तक आगे की कार्रवाई रोके जाने की बात कही गई है।

 

प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र बहादुर पांडेय ने बताया कि परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा, जिससे मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

 

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर चिंता व्याप्त है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच किए जाने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *