ग्राम पंचायत रतासी में घरौनी (आबादी) हक के कागजात वितरित

*ग्राम पंचायत रतासी में घरौनी (आबादी) हक के कागजात वितरित*

********************

*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*

जौनपुर/ बदलापुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रतासी में सरकार की महत्वाकांक्षी घरौनी (आबादी) योजना के तहत घरौनी के सर्वे कर पात्र ग्रामीणों को हक संबंधी कागजात वितरित किए गए। इस दौरान हल्का लेखपाल एवं राजस्व कर्मियों द्वारा फार्म संख्या 7, 8 और 9 का वितरण किया गया।

 

हल्का लेखपाल लालचंद पांडे ने बताया कि यह सरकार की एक अत्यंत प्रभावी योजना है, जिसका उद्देश्य आबादी की जमीन पर रहने वाले लोगों को स्वामित्व का अधिकार प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि इस योजना से विशेष रूप से उन किसानों और ग्रामीणों को लाभ मिलेगा जिनके पास कृषि योग्य भूमि नहीं है। वे अपनी घरौनी (आबादी) भूमि के आधार पर क्रेडिट कार्ड बनवाकर ऋण प्राप्त कर सकेंगे तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी ले सकेंगे।

 

उन्होंने बताया कि नोटिस वितरण के बाद यदि किसी प्रकार की त्रुटि या कमी पाई जाती है तो ग्रामीण संबंधित अभिलेखों पर आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। राजस्व विभाग द्वारा आपत्तियों का परीक्षण कर आवश्यक सुधार की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

 

लेखपाल ने यह भी स्वीकार किया कि वर्तमान प्रक्रिया में अभी कुछ कमियां सामने आ रही हैं। कई लोगों के नाम सूची से छूट गए हैं तथा कुछ ग्रामीण बाहर (परदेस) होने के कारण उनकी जानकारी संकलित नहीं हो पाई है। विभाग द्वारा विस्तृत जानकारी जुटाकर अभिलेखों में संशोधन किया जा रहा है।

 

राजस्व विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अपने दस्तावेजों की जांच कर लें और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर समय रहते आपत्ति दर्ज कराएं, ताकि सभी पात्र व्यक्तियों को योजना का समुचित लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!