*प्रतापगढ़ थाना देल्हूपुर के अंतर्गत पिस्टल सटाकर 3 किलो चांदी और 9.60 लाख की लूट*
*बाइक सवार 03 बदमाशों ने लूट की घटना को दिया अंजाम जांच में जुटी पुलिस*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ में नकाबपोश बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी से पिस्टल सटाकर करीब 17 लाख रुपये की लूट की। बाइक सवार बदमाश जेवर और नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में 9 लाख 60 हजार रुपये नकद और करीब 3 किलो चांदी थी सर्राफा कारोबारी प्रयागराज में एक व्यापारी से मुलाकात कर 7 किलो चांदी खरीदने के बाद अमेठी स्थित अपने घर लौट रहे थे। कार में उनके साथ एक दोस्त और ड्राइवर भी मौजूद था। इसी दौरान प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर बदमाशों ने उन्हें घेरकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। लूट के बाद व्यापारी इतना दहशत में था कि करीब 40 मिनट तक उसने पुलिस को सूचना नहीं दी। इस दौरान हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने सड़क किनारे बदहवास हालत में खड़े व्यापारी को देखा और पूछताछ की। तब जाकर व्यापारी ने लूट की पूरी घटना पुलिस को बताई। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 4 किलो चांदी बरामद हुई। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बदमाशों की तलाश के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है घटना जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर देल्हूपुर थाना क्षेत्र की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र लाल, क्षेत्राधिकारी सिटी प्रशांत राज हुड्डा समेत कई थानों की पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार की जांच की तो अगली सीट के नीचे 4 किलो चांदी छिपी हुई मिली। पूर्वी अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र लाल ने बताया कि व्यापारी की तहरीर के आधार पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है।पुलिस ने हाईवे और संपर्क मार्गों पर चेकिंग तेज कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस देर रात तक मौके पर जांच-पड़ताल करती रही, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
