जौनपुर साइबर क्राइम थाना की बड़ी सफलता

*जौनपुर साइबर क्राइम थाना की बड़ी सफलता*

*111 गुमशुदा मोबाइल बरामद वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए*

********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। साइबर क्राइम थाना पुलिस टीम ने सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से बड़ी सफलता हासिल करते हुए 111 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की कुल बाजार कीमत लगभग 18 लाख रुपये आंकी गई है। बरामद किए गए सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए।

 

इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि गुमशुदा मोबाइलों को लेकर प्राप्त प्रार्थना पत्रों एवं सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर साइबर क्राइम थाना जौनपुर की टीम ने तकनीकी जांच के माध्यम से मोबाइल फोन का सफलतापूर्वक पता लगाया।

 

उन्होंने बताया कि बरामद किए गए 111 मोबाइल फोन जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से संबंधित हैं, जिनमें शाहगंज से 19, खुटहन से 4, कोतवाली, लाइनबाजार व सरायख्वाजा से 3-3, तेजीबाजार से 2, सरपतहाँ, सुजानगंज व मडियाहू से 3-3, मुगराबादशाहपुर से 2 तथा नेवडिया से 1 मोबाइल शामिल है।

 

मोबाइलों की बरामदगी केवल जौनपुर जनपद तक सीमित नहीं रही, बल्कि उत्तर प्रदेश के अन्य जनपदों आजमगढ़, प्रयागराज, बहराइच, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही से भी मोबाइल फोन खोजे गए। इसके अलावा दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान जैसे अन्य राज्यों से भी कई मोबाइल बरामद किए गए।

 

बरामद मोबाइलों में वन प्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया और सैमसंग जैसी प्रमुख कंपनियों के फोन शामिल हैं। इन सभी मोबाइलों का कुल अनुमानित बाजार मूल्य करीब 18 लाख रुपये है।

 

अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव (नोडल साइबर क्राइम) एवं क्षेत्राधिकारी सदर/साइबर क्राइम देवेश सिंह द्वारा मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वितरित किए गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर सभी लाभार्थी काफी प्रसन्न और संतुष्ट नजर आए।

 

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने आमजन से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में सबसे पहले नजदीकी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराएं और इसके बाद सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत अवश्य दर्ज करें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता सबसे अहम उपाय है।

 

उन्होंने यह भी बताया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें। इसके अतिरिक्त, नागरिक अपने नजदीकी थाने की साइबर हेल्पडेस्क पर पहुंचकर लिखित शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *