जिला अस्पताल में जांच का दायरा बढ़ा, अब 100जांच होगी

*जिला अस्पताल में जांच का दायरा बढ़ा, अब 100जांच होगी*

********************

*अरुण कुमार जायसवाल *

जौनपुर।

जिला अस्पताल के एमसीएच विंग में आईपीएचएल लैब (पैथोलॉजी) की स्थापना कर दी गई है। इसके साथ ही पैथोलॉजी में जांच का दायरा काफी बढ़ जाएगा। अब जहां पहले 54 प्रकार की जांचें होती थीं, वहीं अब करीब 100 तरह की जांचें की जाएंगी। इससे मरीजों को बेहतर और सुलभ जांच सुविधाएं मिल सकेंगी।

 

नई व्यवस्था के तहत हेपेटाइटिस बी व सी, स्क्रब टाइफस और लिपिड प्रोफाइल जैसी जांचें जिला अस्पताल में ही उपलब्ध होंगी। पहले इन जांचों के लिए सैंपल बीएचयू भेजे जाते थे। इसके अलावा कालाजार, लेप्टोस्पाइरा, सीबीसी, एलएफटी, केएफटी, थायराइड प्रोफाइल, फेरीटिन, आयरन, एबीजी और ट्रोपोनिन जैसी जांचें भी एक सप्ताह के भीतर शुरू कर दी जाएंगी।

 

जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में फिलहाल थायराइड, किडनी, लीवर, ब्लड शुगर, डेंगू, मलेरिया, विटामिन बी-12, विटामिन-डी, प्रोस्टेट समेत कुल 54 प्रकार की जांचें की जा रही हैं। आईपीएचएल लैब शुरू होने के बाद मरीजों को अब महंगे निजी जांच केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

 

अस्पताल की लैब अभी सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक संचालित होती है, लेकिन अब इसे 24 घंटे चलाने की तैयारी है। इमरजेंसी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। वर्तमान में प्रतिदिन 300 से 350 मरीजों की जांच की जा रही है और अधिकतर जांचों की रिपोर्ट आधे घंटे के भीतर दे दी जाती है।

 

नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के निर्देश पर जांच की केंद्रीयकृत व्यवस्था की गई है। इसके तहत जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, शहरी सीएचसी, पीएचसी और रेफर होकर आने वाले मरीजों की जांच एक ही पैथोलॉजी में की जाएगी। हालांकि दोनों अस्पतालों में अलग-अलग सैंपल कलेक्शन और रिपोर्ट वितरण केंद्र कार्यरत रहेंगे।

 

जिला महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एमके गुप्ता ने बताया कि जांच सुविधाओं का दायरा बढ़ाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। लक्ष्य है कि मरीजों को समय पर जांच सुविधा मिले और रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *