*सुजानगंज थाने में कार्यरत सिपाही की सड़क दुर्घटना में मौत*
*नेट की परीक्षा देकर वापस लौटते समय रायबरेली में हुई घटना*
*********************
*संवाद: ओम प्रकाश मिश्रा*
रायबरेली: –
शिवगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बांदा–बहराइच हाईवे पर रानीखेड़ा के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान जौनपुर जनपद के सुजानगंज थाने में तैनात सिपाही शिवनारायन (25) पुत्र राम लौटन के रूप में हुई है। वह निहाल खेड़ा मजरा भौसी गांव के निवासी थे।
घटना बीती रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सिपाही शिवनारायन लखनऊ से नेट की परीक्षा देकर बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रानीखेड़ा के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक शिवनारायन की पुलिस विभाग में भर्ती वर्ष 2019 में हुई थी। उनकी असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
इस संबंध में शिवगढ़ थाना प्रभारी विन्ध्य विनय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घने कोहरे के कारण बाइक सवार सिपाही खड़े ट्रक को देख नहीं सके और हादसा हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
