पुलिस मुठभेड़ में दो असलहा तस्कर गिरफ्तार

*पुलिस मुठभेड़ में दो असलहा तस्कर गिरफ्तार*

प्रेम शर्मा

जौनपुर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायख्वाजा और बक्सा थाना पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद, दो असलहा तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई, जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक सरायख्वाजा और थानाध्यक्ष बक्सा अपनी-अपनी टीमों के साथ सक्रिय थे।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम छबिलेपुर से छुन्छा गांव जाने वाले मार्ग पर छुन्छा पुलिया के पास नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की।

मुठभेड़ के दौरान गुडलक तिवारी (पुत्र हृदय नारायण, निवासी खानपुर, थाना सिंगरामऊ) के दाहिने पैर में और शशांक सिंह उर्फ साहिल (पुत्र अजीत प्रताप सिंह, निवासी आहोपुर, थाना सिंगरामऊ) के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 0.315 बोर के दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और 1.25 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त का काम करते हैं और अपने अन्य साथियों के साथ हथियार खरीदने के लिए जा रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना सरायख्वाजा में मु0अ0सं0-169/2026 के तहत धारा 3(5), 109(1) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *