निवेश के नाम पर ठगी गई 15.20 लाख रुपये की रकम पीड़िता को वापस

*निवेश के नाम पर ठगी गई 15.20 लाख रुपये की रकम पीड़िता को वापस*

 

*जौनपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई सराहनीय*

*********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर।

पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जौनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में, क्षेत्राधिकारी नगर देवेश सिंह एवं साइबर क्राइम थाना प्रभारी महेश पाल सिंह की अगुवाई में साइबर टीम ने तत्परता दिखाते हुए निवेश के नाम पर ठगी गई 15 लाख 20 हजार रुपये की पूरी धनराशि पीड़िता को वापस कराई।

 

इस संबंध में गुरुवार को जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़िता गीतिका पुत्री अरविंद कुमार शर्मा, निवासी चांदमारी, थाना लाइनबाजार, जौनपुर को अज्ञात साइबर ठगों ने ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर 15.20 लाख रुपये की ठगी का शिकार बनाया था। ठगी का आभास होते ही पीड़िता ने बिना देरी किए साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।

 

शिकायत मिलते ही साइबर पुलिस टीम ने तत्काल तकनीकी जांच शुरू की और ठगी की रकम जिन-जिन बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी, उन्हें फ्रीज/होल्ड करा दिया। इसके साथ ही साइबर थाना पुलिस द्वारा न्यायालय में प्रभावी पैरवी की गई, जिसके परिणामस्वरूप 24 जनवरी 2025 को न्यायालय ने होल्ड की गई पूरी धनराशि पीड़िता के खाते में वापस करने का आदेश पारित किया।

 

न्यायालय के आदेश के बाद राशि वापस मिलने पर पीड़िता ने जौनपुर पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

 

पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि साइबर अपराध के मामलों में समय सबसे अहम होता है। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में सूचना दें। साथ ही, ऑनलाइन निवेश करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें, ताकि साइबर ठगों से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *