जौनपुर: बच्ची को अगवा करने का प्रयास, बाबा के भेष में आए दो युवक भीड़ के हत्थे चढ़े, पुलिस ने छह गिरफ्तार किए

*जौनपुर: बच्ची को अगवा करने का प्रयास, बाबा के भेष में आए दो युवक भीड़ के हत्थे चढ़े, पुलिस ने छह गिरफ्तार किए*

*********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ी घटना सामने आई, जहाँ बाबा के भेष में आए दो युवकों ने आठ वर्षीय बालिका को अगवा करने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से दोनों युवकों को मुक्त कर हिरासत में ले लिया। साथ ही मारपीट करने वाले चार युवकों को भी गिरफ्तार किया गया है।

 

अपर पुलिस अधीक्षक (शहर) आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि हरदोई निवासी विवेक महावत (25) और रमरित महावत (32) बाबा के वेश में पॉलीटेक्निक चौराहा क्षेत्र में पहुंचे थे। उन्होंने वहां की निवासी बालिका मानसी सोनकर (8) को बहला-फुसलाकर ले जाने का प्रयास किया। संदेह होने पर लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी।

 

सूचना पर सरायपोख्ता चौकी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को भीड़ से छुड़ाया और गिरफ्तार कर थाना कोतवाली ले आई। वहीं, मारपीट में शामिल चार युवकों को भी हिरासत में लेकर उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्यवाही जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *