शराब की दुकान पर सेल्समैन पर फायरिंग, दो आरोपी गिरफ्तार

*शराब की दुकान पर सेल्समैन पर फायरिंग, दो आरोपी गिरफ्तार*

 

*पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद, घटना में प्रयुक्त .32 बोर की पिस्टल व खोखा बरामद*

दधीच विश्वकर्मा

जयसिंहपुर (सुलतानपुर)। बरौसा चौराहे स्थित कंपोजिट शराब की दुकान पर पैसों के लेनदेन को लेकर सेल्समैन पर फायरिंग करने के मामले में जयसिंहपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक .32 बोर की देशी पिस्टल और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, 24/25 अगस्त की रात बरौसा चौराहे पर स्थित कंपोजिट शराब की दुकान पर पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान सेल्समैन शिवम जायसवाल पुत्र राजू जायसवाल निवासी अलीनगर, थाना जरवल, जनपद बहराइच के ऊपर फायरिंग की गई। मामले में जयसिंहपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 276/2026, धारा 109 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया। मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को पुलिस टीम ने अंकित मिश्रा पुत्र विपिन मिश्रा उर्फ बब्बा उर्फ बब्बन मिश्रा निवासी नानेमऊ, थाना मोतिगरपुर, जनपद सुलतानपुर तथा धीरेन्द्र यादव पुत्र सियाराम यादव निवासी पचगवा, थाना हैदरगंज, जनपद अयोध्या को पतुरियो मोड़ स्थित सरकारी ट्यूबवेल के पास से दोपहर करीब 2:14 बजे हिरासत में लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त .32 बोर की देशी पिस्टल और एक खोखा कारतूस बरामद किया। पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।

 

 *अंकित पर दर्ज हैं कई मुकदमे* 

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अंकित मिश्रा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मोतिगरपुर, कोतवाली नगर और गोसाईंगंज समेत विभिन्न थानों में मारपीट, धमकी, हत्या के प्रयास, हत्या, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में वर्ष 2020 से 2026 तक कुल 11 मुकदमों का उल्लेख किया गया है।

वहीं दूसरे आरोपी धीरेन्द्र यादव के खिलाफ भी मोतिगरपुर और कोतवाली देहात थाने में मारपीट, एससी/एसटी एक्ट, हत्या, हत्या के प्रयास तथा अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

 

 *एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई* 

पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर विनीत जायसवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विवेक कुमार राय, उपनिरीक्षक गुलाब चन्द्र पाल, उपनिरीक्षक नफीसउद्दीन खां, हेड कांस्टेबल राहुल शर्मा, कांस्टेबल अभिषेक प्रताप सिंह और कांस्टेबल देवेन्द्र कुमार शामिल रहे।

क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त पिस्टल और खोखा कारतूस बरामद हुआ है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!