*प्रतापगढ़ डीएम ने जवाहर नवोदय, जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय और बृहद संरक्षण गौशाला का किया निरीक्षण*

*प्रतापगढ़ डीएम ने जवाहर नवोदय, जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय और बृहद संरक्षण गौशाला का किया निरीक्षण*

*विद्यालयों में छात्रों से संवाद कर पढ़ाई और सुविधाओं की ली जानकारी,*

अनिल मिश्र

प्रतापगढ़, 25 अगस्त 2026। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने मंगलवार को नरायनपुर स्थित पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय एवं जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद डीएम ने नरायनपुर लक्ष्मणपुर स्थित बृहद संरक्षण गौशाला का निरीक्षण किया, जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

जवाहर नवोदय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर पठन-पाठन की स्थिति, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। विद्यार्थियों द्वारा बताई गई समस्याओं के निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने विद्यालय के खेल मैदान और पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा विद्यार्थियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय नरायनपुर का निरीक्षण किया। यह विद्यालय पूर्व में राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय के नाम से जाना जाता था। डीएम ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से बातचीत की और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को विद्यालय की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

विद्यालयों के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने बृहद संरक्षण गौशाला नरायनपुर लक्ष्मणपुर का निरीक्षण किया। गौशाला में व्यवस्थाएं संतोषजनक न मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने गौशाला में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने, पशुओं के समुचित रख-रखाव तथा जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही गौशालाओं में पशुओं के संरक्षण एवं देखभाल की व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!