डीएम और एसपी ने हेलीकाप्टर से कांवरियों पर बरसाए फूल, गूंजा हर-हर महादेव

*डीएम और एसपी ने हेलीकाप्टर से कांवरियों पर बरसाए फूल, गूंजा हर-हर महादेव*

प्रेम शर्मा

जौनपुर: बक्सा के चौरेश्वरनाथ महादेव मंदिर छंगापुर से विधायक रमेश चंद्र मिश्र के नेतृत्व में निकली दो दिवसीय कांवर यात्रा का दूसरे दिन कंधी कला में हेलीकाप्टर से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित दो दिवसीय भव्य शिव कांवड़ यात्रा के दूसरे दिन सोमवार को विद्वावती  रिसॉर्ट से शुभारंभ धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ हुआ। यात्रा का नेतृत्व बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने किया। कांवड़ यात्रा मुरादपुर,कलिंजरा मोड़ होते हुए भारी बारिश के बीच तेजी बाजार पहुंची। विधायक रमेश चंद्र मिश्र कांवड़ उठाकर शिवभक्तों के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा में शिवमय होकर चल रहे थे। तेजी बाजार में पहुंचते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने हेलीकॉप्टर से शिव भक्तों पर गुलाब की पंखुड़ियों की पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया। तेजी बाजार बाजार से बरईपार होते हुए शिवभक्त कांवड़ियों का भारी समूह करछूलनाथ मन्दिर पहुंचा। वहां विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने देवाधिदेव भगवान शिव को जलाभिषेक कर क्षेत्र के उत्तरोत्तर विकास एवं समृद्धि की मंगल कामना की। इसके बाद श्रद्धालु आयोजित रुद्राभिषेक में शामिल हुए। देर रात तक करछुलनाथ मन्दिर पर भव्य भंडारा चलता रहा जहां श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।

सावन माह के पावन अवसर पर आयोजित इस कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का स्वागत किया गया। पहले दिन कांवड़ यात्रा चौरेश्वर महादेव धाम से निकलकर गगना मोड़, छंगापुर नहर चौराहा, लेदुका, प्राणपट्टी बाजार, भगतपुर, बीरमपुर, बदलापुर खुर्द, चकमोलनापुर, हिम्मतपुर, मिरसादपुर और कलिंजरा मोड़ समेत कुल 17 स्वागत स्थलों से होकर गुजरी। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने कांवड़ियों का स्वागत एवं सेवा-सत्कार किया।

इस अवसर पर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि यह कांवड़ यात्रा आदि गंगा गोमती के पावन तट से निकाली जा रही है। उन्होंने रामचरितमानस की चौपाई “सई उतरि गोमती नहाए, चौथे दिवस अवधपुर आये” का उल्लेख करते हुए कहा कि गोमती का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व अत्यंत विशेष है। उन्होंने इस यात्रा को रामपथ से जोड़ते हुए इसे क्षेत्र की धार्मिक परंपरा और आस्था का महत्वपूर्ण आयोजन बताया।

पूरे यात्रा मार्ग पर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कांवड़ियों के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों और आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं द्वारा व्यवस्थाएं की गईं।

कार्यक्रम के दौरान नगरपंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उन्नत सिंह , पवन उपाध्याय सुशील उपाध्याय , डॉ दिलीप जायसवाल , सूरज सेठ , नीरज सिंह , अजय  सिंह , दुर्गेश निगम , जिला प्रचारक राजेंद्र प्रसाद , पूर्व विधायक सुषमा पटेल , गुड्डू  प्रधान मधुकर तिवारी, सिद्धू मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

सावन के पावन महीने में आयोजित इस दो दिवसीय कांवड़ यात्रा ने बदलापुर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और सामाजिक सहभागिता का माहौल बना दिया। यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों की भागीदारी से क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह शिवमय नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!