*श्री स्वयंभू महादेव मंदिर में हनुमान जी को समर्पित हुई दिव्य गदा*
*गदा पूजन के साथ हुआ सुंदरकांड पाठ, आरती व प्रसाद वितरण में उमड़े श्रद्धालु*
*******************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ। क्षेत्र के शिवपुर फिरोजपुर स्थित श्री स्वयंभू महादेव मंदिर परिसर में शनिवार को श्री हनुमान जी की कृपा से बाबा जी की दिव्य गदा विधि-विधानपूर्वक हनुमान जी को सादर समर्पित की गई। गदा का समर्पण श्री बृजेश कुमार शुक्ल द्वारा किया गया। इस अवसर पर आचार्य पंडित श्री अच्युतानंद शुक्ल के वेद मंत्रोच्चार के बीच गदा पूजन संपन्न कराया गया।
गदा पूजन के उपरांत मंदिर परिसर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ सुंदरकांड का पाठ सुना। इसके बाद विधिवत आरती हुई और उपस्थित समिति के सम्मानित सदस्यों, ग्रामीणों एवं क्षेत्रीय भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर के पुजारी सिंधु शुक्ला ने बताया कि हनुमान जी की प्रतिमा गदा के बिना अधूरी प्रतीत हो रही थी। श्री हनुमान जी की कृपा से अब यह कमी पूरी हो गई है और गदा समर्पित होने से मंदिर परिसर में भक्तों की आस्था और भी प्रगाढ़ हुई है।
उन्होंने बताया कि मंदिर प्रांगण में स्थापित भगवान शिव, मां दुर्गा एवं बाबा शनिदेव के पवित्र स्थान भी सावन माह में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने हुए हैं। सावन के पावन महीने में बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
इस अवसर पर मंदिर समिति के सभी सम्मानित सदस्य, ग्रामीण तथा क्षेत्रीय श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
