*प्रतापगढ़ में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, कैबिनेट मंत्री नन्दगोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने किया ध्वजारोहण*

*प्रतापगढ़ में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, कैबिनेट मंत्री नन्दगोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने किया ध्वजारोहण*

*पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को किया सम्मानित*

अनिल मिश्र

प्रतापगढ़। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 15 अगस्त 2026 को पुलिस लाइन्स, प्रतापगढ़ के परेड ग्राउंड में भव्य एवं गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री नन्दगोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ रहे। उन्होंने विधिवत ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत नजर आया। समारोह में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशान्त राज, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी सदर अनुष्का शर्मा, सदर विधायक राजेन्द्र मौर्या सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा तथा संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ ली। सभी ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करने का संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में साकेत गर्ल्स इंटर कॉलेज, बीएसएस एकेडमी, तुलसी का पुरवा उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं पीएम श्री राजकीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

*थानाध्यक्ष राकेश चौरसिया के नेतृत्व में देवसरा थाने में भी मनाया गया स्वतंत्रता दिवस*

इसी क्रम में थाना आसपुर देवसरा में थानाध्यक्ष राकेश चौरसिया के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई। समारोह में पुलिसकर्मियों ने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!