मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में रविवार को भी मिली बेहतर चिकित्सीय सुविधा

*मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में रविवार को भी मिली बेहतर चिकित्सीय सुविधा*

 

*सिगरामऊ में 156 तो जमऊपट्टी में 6 मरीजों की हुई ओपीडी, वायरल बुखार और सर्दी-जुकाम के मरीजों की संख्या अधिक*

*******************

*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*

सिगरामऊ/जमऊपट्टी। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप रविवार को सिगरामऊ और जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। रविवार के दिन आयोजित इस मेले में ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई गई।

 

सिगरामऊ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में महिला चिकित्सक डॉ. श्रुति पांडेय और फार्मासिस्ट डॉ. श्रीराम यादव ने मरीजों की जांच एवं उपचार किया। यहां कुल 156 मरीजों की ओपीडी दर्ज की गई।

 

वहीं, जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. सुशील कुमार यादव एवं एएनएम मीरा यादव की मौजूदगी में मरीजों को चिकित्सीय सुविधा प्रदान की गई। यहां कुल 6 मरीजों की ओपीडी दर्ज हुई।

 

सिगरामऊ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. अभिषेक वर्मा ने बताया कि इन दिनों मौसमी वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम सहित अन्य सामान्य बीमारियों के मरीज अधिक संख्या में पहुंच रहे हैं। मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बुखार के कुछ मामलों में आवश्यकता और शंका के आधार पर मरीजों को विडाल टेस्ट कराने की सलाह भी दी गई।

 

*जमऊपट्टी में स्थायी चिकित्सक की मांग*

 

मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के दौरान जमऊपट्टी क्षेत्र के लोगों ने मांग उठाई कि जिस तरह रविवार को स्वास्थ्य मेले के माध्यम से चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, उसी प्रकार अन्य दिनों में भी नियमित रूप से चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

 

ग्रामीणों का कहना है कि जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर काफी समय से स्थायी चिकित्सक की नियुक्ति नहीं है, जिसके कारण आसपास के ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर जाना पड़ता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक यह क्षेत्र जौनपुर सदर अस्पताल से करीब 50 किलोमीटर तथा बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से करीब 22 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। साथ ही यह जनपद की सीमा के निकट होने के कारण ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!