*बहरीपुर हनुमान मंदिर में चोरी का प्रयास, चाकू दिखाकर फरार हुआ आरोपी*
*ग्रामीणों ने पुलिस को दी लिखित तहरीर, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने गठित की टीमें*
*******************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ। थाना सिगरामऊ क्षेत्र के बहरीपुर बाजार के पश्चिम स्थित हनुमान मंदिर में बीती रात चोरी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। मंदिर में घंटा चोरी करते समय बाजार निवासी प्रकाश जायसवाल पुत्र हरिप्रसाद ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया, लेकिन आरोपी द्वारा चाकू दिखाए जाने पर वह घबरा गए। इसका फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार फरार आरोपी की पहचान नेपाली पुत्र महबूब, निवासी बहरीपुर कला, थाना सिगरामऊ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंदिर में इससे कुछ दिन पूर्व भी चोरी की घटना हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
घटना के संबंध में ग्रामीणों ने थाना सिगरामऊ में लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। तहरीर देने वालों में मुख्य रूप से संजीत कुमार गुप्ता, कन्हैया लाल उपाध्याय, धर्मेंद्र गुप्ता, राजेश, अंकेश चौरसिया, रजनीश गुप्ता, अखिलेश मिश्रा, विकास चौरसिया, अश्वनी कुमार और अरविंद उपाध्याय शामिल रहे।
इस संबंध में थाना प्रभारी सिगरामऊ अखिलेश मौर्य ने बताया कि ग्रामीणों की लिखित तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही संबंधित आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
