*प्रतापगढ़ में भीषण सड़क हादसा: अयोध्या से लौट रहे भाई-बहन की मौत, पीछे चल रहे परिजनों के सामने टूटी सांसें*
*************************
*संवाद: माता चरण पांडे*
बादशाहपुर/प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र में सरकारी अस्पताल के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब अयोध्या से लौट रही एक वैगनआर कार की सामने से आ रही पिकअप वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन कार के ऊपर पलट गया।
हादसे में मुंगराबादशाहपुर (मूल निवासी मनकापुर, गोंडा) के नईगंज निवासी आकाश सोनी (25) और उनकी सगी बहन प्रिया सोनी उर्फ रोली (22) की मौके पर ही मौत हो गई। कार चला रहे मोहित सोनी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि मृतक भाई-बहन की बड़ी बहन और जीजा दूसरी कार से ठीक पीछे चल रहे थे। उनकी आंखों के सामने यह भयावह हादसा हुआ, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
बताया जा रहा है कि करीब तीन वर्ष पहले आकाश और प्रिया के माता-पिता का निधन हो चुका था। इसके बाद दोनों अपनी बड़ी बहन और जीजा के साथ रह रहे थे। इस हादसे ने परिवार की बची हुई खुशियां भी छीन लीं। घटना की सूचना मिलते ही मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
