*बकरी चरा रहे युवक से मारपीट व जातिसूचक टिप्पणी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज*
प्रेम शर्मा
जौनपुर के बक्शा थाना क्षेत्र अंतर्गत वीरभानपुर गांव में बकरी चरा रहे एक युवक के साथ कथित मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वीरभानपुर निवासी रवि कुमार पुत्र सुध्दू चमार ने बक्शा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 19 जुलाई 2026 को शाम करीब चार बजे वह सड़क किनारे अपनी बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान गांव के विशाल सिंह पुत्र मनोज सिंह वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। विरोध करने पर आरोपी ने लाठी से हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया।
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि 28 जुलाई को प्राप्त लिखित शिकायत की जांच के बाद आरोपी विशाल सिंह पुत्र मनोज सिंह, निवासी वीरभानपुर के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 396/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352, 351(3) तथा एससी/एसटी अधिनियम की धारा 3(2)(va) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
