17 वर्ष तक देशसेवा के बाद गांव लौटे पूर्व सैनिक शैलेश सिंह, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत
सिंगरामऊ (जौनपुर)। भारतीय सेना में करीब 17 वर्षों तक राष्ट्रसेवा करने के बाद सेवानिवृत्त होकर अपने पैतृक गांव सिंगरामऊ लौटे पूर्व सैनिक शैलेश सिंह का गुरुवार को ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया। पूरे गांव में डीजे और बैंडबाजे के साथ स्वागत जुलूस निकाला गया, जिससे उत्सव जैसा माहौल बन गया।
घर पहुंचने पर परिवार के वरिष्ठ सदस्य सरस्वती सिंह एवं मालती सिंह ने आरती उतारकर उनका स्वागत किया। इस दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने उनका माल्यार्पण कर देशसेवा के प्रति समर्पण और योगदान की सराहना की।

शैलेश सिंह वर्ष 2009 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। उनकी प्रारंभिक सैन्य प्रशिक्षण महाराष्ट्र के नासिक में हुई, जबकि पहली तैनाती जम्मू-कश्मीर के अखनूर सेक्टर में मिली। इसके बाद उन्होंने
पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी सहित देश के विभिन्न सैन्य क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देते हुए लगभग 17 वर्षों तक राष्ट्र की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

स्वागत समारोह में ग्रामीणों ने कहा कि शैलेश सिंह ने अपनी निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता से क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी देशसेवा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर बजरंग प्रताप, जय सिंह, वरुण सिंह, पंकज सिंह, राकेश सिंह, वीर बहादुर सिंह, सुनील, आशु, राजनाथ, राजेंद्र शर्मा, मनोज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
