*प्रतापगढ़ में इंटरकास्ट मैरिज से नाराज साले ने जीजा की गोली मारकर की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार*

*प्रतापगढ़ में इंटरकास्ट मैरिज से नाराज साले ने जीजा की गोली मारकर की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार*

*पत्नी 15 दिन बाद बनने वाली थी मां, पति की हत्या के बाद बोली- आरोपियों का हो एनकाउंटर*

अनिल मिश्र

प्रतापगढ़। जनपद के जेठवारा थाना क्षेत्र के खटवारा गांव में सोमवार रात करीब साढ़े 9 बजे इंटरकास्ट लव मैरिज की रंजिश में 29 वर्षीय युवक राजू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने उस समय हमला किया जब राजू बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ चार गोलियां मारी गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, राजू सिंह ने 11 अगस्त 2025 को गांव की ही खुशबू वर्मा (26) से प्रेम विवाह किया था। दोनों अलग-अलग जातियों से थे, जिसके चलते खुशबू के परिजन इस शादी का विरोध कर रहे थे। शादी के करीब 10 महीने बाद यह खूनी वारदात सामने आई। राजू की पत्नी खुशबू गर्भवती है और चिकित्सकों ने 15 जुलाई को डिलीवरी की संभावित तिथि बताई है। पति की हत्या से बदहवास खुशबू ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग की है। मृतक के भाई रवि सिंह की तहरीर पर पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इनमें चार नामजद और तीन अज्ञात आरोपी शामिल हैं। नामजद आरोपियों में खुशबू के सगे भाई पिंटू वर्मा और जितेंद्र वर्मा का भी नाम है। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए, जबकि गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी अरुण वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अरुण ने स्वीकार किया कि राजू द्वारा उसकी चचेरी बहन से प्रेम विवाह करने के कारण वह और उसके परिजन नाराज थे। इसी रंजिश में अन्य आरोपियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची गई और वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी ने यह भी बताया कि घटना के बाद भागते समय उसकी पिस्टल और कारतूस घटनास्थल पर गिर गए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। *पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर द्वारा तीन मुख्य आरोपियों के ऊपर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया है।*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!