एक लाख रुपये का इनामी अंतर्राज्यीय गौ-तस्कर गिरफ्तार, 85 आपराधिक मुकदमे थे दर्ज

*एक लाख रुपये का इनामी अंतर्राज्यीय गौ-तस्कर गिरफ्तार, 85 आपराधिक मुकदमे थे दर्ज*
प्रेम शर्मा
जौनपुर: खुटहन थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक लाख रुपये के इनामी अंतर्राज्यीय गौ-तस्कर, चोर एवं शातिर अपराधी रविन्द्र वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों सहित गुजरात में भी कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके विरुद्ध कुल 85 आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण में खुटहन पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक लाख रुपये का इनामी अपराधी रविन्द्र वर्मा अपने गांव मखदूमपुर जाने की फिराक में ग्रामीण विकास इंटर कॉलेज पटैला-मखदूमपुर मोड़ के पास मौजूद है।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान रविन्द्र वर्मा पुत्र सभापति वर्मा निवासी मखदूमपुर, थाना खुटहन के रूप में हुई। सत्यापन के बाद उसे विभिन्न मुकदमों में वांछित तथा घोषित इनामी अपराधी पाए जाने पर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार रविन्द्र वर्मा लंबे समय से गौ-तस्करी, चोरी और संगठित आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ जौनपुर, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, अंबेडकरनगर, अयोध्या, भदोही, आजमगढ़ समेत कई जनपदों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, पशु क्रूरता अधिनियम, शस्त्र अधिनियम तथा अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा गुजरात के सूरत जनपद में भी उसके खिलाफ कई मामले पंजीकृत हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न जनपदों की पुलिस टीमें लगातार प्रयासरत थीं।अपराध नियंत्रण की दिशा में उसकी गिरफ्तारी को सफल माना जा रहा है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार, कांस्टेबल आकाश निषाद, आनंद पासवान, सूरज यादव, योगेंद्र प्रताप सिंह, सुरेंद्र वर्मा, कुलदीप गोस्वामी, सोनू यादव, विजयशंकर यादव एवं मान सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *