*पूविवि कार्य परिषद में तीन शिक्षाविद नामित, शिक्षकों में खुशी*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल ( जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। राज्यपाल सचिवालय ने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय (पूविवि) की कार्य परिषद में तीन शिक्षाविदों को सदस्य के रूप में नामित किया है। इनकी नियुक्ति दो वर्ष अथवा अगले आदेश तक के लिए की गई है। विश्वविद्यालय से जुड़े शिक्षकों और शैक्षणिक संगठनों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक पहल बताया है।
नामित सदस्यों में विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग के सेवानिवृत्त विभागाध्यक्ष डॉ. जगदीश सिंह दीक्षित, बजरंग पीजी कॉलेज, कुंडा (प्रतापगढ़) के प्राचार्य प्रो. रणन्जय सिंह तथा काशी हिंदू विश्वविद्यालय के गणित विभाग के प्रो. अरविंद कुमार सिंह शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि डॉ. जगदीश सिंह दीक्षित और प्रो. रणन्जय सिंह को दूसरी बार कार्य परिषद में सदस्य के रूप में स्थान मिला है।
कार्य परिषद विश्वविद्यालय की सर्वोच्च कार्यकारी संस्था है, जो प्रशासनिक, वित्तीय एवं शैक्षणिक मामलों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेने के साथ-साथ विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और नीतिगत विषयों की निगरानी का दायित्व निभाती है।
शिक्षकों का मानना है कि अनुभवी शिक्षाविदों की नियुक्ति से विश्वविद्यालय के विकास को नई गति मिलेगी तथा शैक्षणिक गुणवत्ता को और सुदृढ़ बनाने में सहायता प्राप्त होगी।
इस नामांकन पर प्रो. ओम प्रकाश चौधरी, प्रो. रामजी पाठक, प्रो. आनंद शंकर चौधरी, डॉ. नलिन कुमार मिश्रा, प्रो. पुष्पा सिंह, प्रो. मुक्ता राजे, प्रो. अवनीश सिंह, डॉ. रविकांत सिंह, प्रो. दयाशंकर सिंह यादव, प्रो. मनोज मिश्रा और प्रो. राकेश कुमार पांडेय सहित अनेक शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नामित सदस्यों को शुभकामनाएं दी हैं।
