गैलरी के पार्टीशन विवाद में चली कुल्हाड़ी, दो सगे भाई गंभीर; महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

*गैलरी के पार्टीशन विवाद में चली कुल्हाड़ी, दो सगे भाई गंभीर; महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार*

********************

*संवाद :माता चरण पांडे*

जौनपुर/ बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव में संपत्ति विवाद ने रविवार तड़के हिंसक रूप ले लिया। मकान की गैलरी में पार्टीशन और बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद के बीच दो सगे भाइयों पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, शाहापुर निवासी लालबहादुर सिंह के पुत्र आनंद सिंह और सुभाष सिंह के परिवार बारीगांव में आमने-सामने रहते हैं। दोनों परिवारों के बीच संपत्ति और गैलरी के पार्टीशन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसे कई पंचायतों के बाद भी सुलझाया नहीं जा सका।

 

आरोप है कि रविवार तड़के करीब तीन बजे आनंद सिंह के बेटे राज सिंह और उदय सिंह दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी पक्ष कमरे में घुसा और कुल्हाड़ी से हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

 

पीड़ित पक्ष की तहरीर पर बरसठी थाने में बीएनएस की धाराओं 109(1), 118(2), 351(3) और 61(2) के तहत हत्या के प्रयास सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नीरज सिंह, जिलेदार सिंह और सुनील सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!