अराजक तत्वों ने स्कूल की बाउंड्री वॉल गिराई, टंकी व पाइपलाइन को भी पहुंचाया नुकसान

*अराजक तत्वों ने स्कूल की बाउंड्री वॉल गिराई, टंकी व पाइपलाइन को भी पहुंचाया नुकसान*

********************

*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*

सिंगरामऊ (जौनपुर)। सिंगरामऊ क्षेत्र के कछोरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। शरारती तत्वों ने विद्यालय की बाउंड्री वॉल गिराने के साथ ही पानी की टंकी की टोटी, गेट वॉल और सप्लाई पाइप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. प्रकाश शुक्ला ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी करीब दो दिन पूर्व स्कूल परिसर में लगे पेड़-पौधों और टाइल्स को नुकसान पहुंचाया गया था। साथ ही विद्यालय परिसर में अक्सर शराब की खाली बोतलें भी पाई जाती हैं, जिससे असामाजिक गतिविधियों की आशंका जताई जा रही है।

 

घटना की सूचना प्रधानाध्यापक द्वारा सिंगरामऊ थाने में लिखित तहरीर के माध्यम से दे दी गई है। इस संबंध में थाना प्रभारी सैयद हुसैन मुंतजार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपित अराजक तत्वों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

प्रधानाध्यापक ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान हो रहा है, बल्कि बच्चों की पढ़ाई और विद्यालय के दैनिक कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!