*मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 108 मरीजों का हुआ उपचार, जांच सुविधाओं की कमी खली*
********************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
जौनपुर। जिले के सिंगरामऊ और जमऊपट्टी में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। प्रदेश सरकार की पहल पर बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. संजय दुबे के नेतृत्व में आयोजित इन मेलों में कुल 108 मरीजों का उपचार किया गया।
सिंगरामऊ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित मेले में 99 मरीज पहुंचे। यहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक वर्मा के कक्ष में मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। हालांकि खून सहित अन्य आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
सिंगरामऊ में डॉ. अभिषेक वर्मा के साथ महिला चिकित्सक डॉ. श्रुति पांडे, पूजा त्रिपाठी एवं फार्मासिस्ट श्रीराम यादव की टीम ने मरीजों को चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान कीं। वहीं जमऊपट्टी में आयोजित मेले में डॉ. सुशील यादव, डॉ. मनीष मौर्य और एएनएम मीरा यादव की देखरेख में 9 मरीजों का उपचार किया गया।
मेले में पहुंचे अधिकांश मरीज सर्दी, खांसी, जुकाम, वायरल फीवर और एलर्जी से पीड़ित पाए गए, जबकि कुछ मरीजों में डायरिया के लक्षण भी देखे गए।
महिला चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं की जांच कर उन्हें आयरन की गोलियां वितरित कीं तथा संतुलित आहार जैसे दाल, दलिया और हरी सब्जियों के सेवन की सलाह दी। साथ ही प्रसव पीड़ा होने पर सरकारी एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचने और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।
स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों से साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छरों से बचाव हेतु मच्छरदानी का उपयोग करने, धूप से बचने, अधिक मात्रा में तरल पदार्थ लेने तथा शरीर में पानी की कमी न होने देने की अपील की। साथ ही खाली पेट घर से बाहर न निकलने और किसी भी बीमारी के लक्षण दिखने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।
मेले में आए मरीजों ने स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी पहल बताया। हालांकि जांच सुविधाओं के अभाव में कई मरीजों को निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ा।
