*जहर खुरानी गिरोह का पर्दाफाश, पिता-पुत्र समेत तीन गिरफ्तार, सप्लायर फरार*
************************
*संवाद: अरुण जायसवाल*
जौनपुर। शाहगंज और खेतासराय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को जहरखुरानी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए पिता-पुत्र समेत तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि गिरोह को नशीला पदार्थ उपलब्ध कराने वाला झोलाछाप डॉक्टर अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव ने पुलिस लाइन सभागार में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि संयुक्त पुलिस टीम ने चिरैया मोड़, बिलार मऊ रोड पर चेकिंग के दौरान तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान आजमगढ़ जनपद के शंभुपुर ब्लूअहवा निवासी हनुमान निषाद, उसके पुत्र अंकित निषाद तथा आकाश यादव के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, नशीला पाउडर, एक अल्टो कार और एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे गिरोह बनाकर बस और ट्रेनों में सफर करते थे तथा यात्रियों को निशाना बनाते थे। पहले वे यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखते और उनके पास मौजूद कीमती सामान का अंदाजा लगाते थे। इसके बाद दोस्ती कर विश्वास में लेकर चाय, कॉफी या जूस में डायजापाम समेत नशीला पदार्थ मिलाकर पिला देते थे। 15 से 20 मिनट के भीतर यात्री बेहोश हो जाता, जिसके बाद उसका सामान लेकर फरार हो जाते थे। लूटे गए गहनों को जलालपुर क्षेत्र में बेचा जाता था।
एएसपी नगर ने बताया कि ‘यक्ष एप’ की मदद से पुलिस ने पहले अंकित निषाद की पहचान की और उसके आधार पर पूरे गिरोह तक पहुंच बनाई गई। पीड़ितों को फोटो दिखाने पर उन्होंने अभियुक्तों की पहचान भी की है। यह गिरोह आजमगढ़, सुल्तानपुर और भदोही सहित कई जिलों में वारदातों को अंजाम दे चुका है।
पुलिस के अनुसार हनुमान निषाद पर 38, अंकित निषाद पर 33 तथा आकाश यादव पर 10 मुकदमे दर्ज हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार झोलाछाप डॉक्टर विपिन प्रजापति की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।
