*मुठभेड़ के बाद दो बदमाश गिरफ्तार, एक को लगी गोली, दूसरा घायल*
********************
*संवाद :माता चरण पांडे*
जौनपुर। मछलीशहर और पवारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार की रात मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा मोटरसाइकिल से दबकर घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 20 हजार रुपये नकद, एक तमंचा और एक बाइक बरामद की है।
रविवार को क्षेत्राधिकारी मछलीशहर प्रतिमा वर्मा ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक मछलीशहर एवं थानाध्यक्ष पवारा अपनी-अपनी टीम के साथ कुँवरपुर के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश सत्येन्द्र कुमार दोबरे उर्फ सुमित नारायण (निवासी मिराय वाहरपुरा, थाना भरथरा, जनपद इटावा) के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। वहीं दूसरा आरोपी गुड्डू उर्फ इकरार (निवासी शास्त्री नगर, थाना डिबियापुर, जनपद औरैया) बाइक से गिरकर घायल हो गया, जिसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के पास से 4.20 लाख रुपये नकद, एक .315 बोर का तमंचा व कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने 7 अप्रैल को मछलीशहर थाना क्षेत्र में हुई डिग्गी से पैसे चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
बताया गया कि 7 अप्रैल को सूर्यमणि मिश्रा (निवासी तियरा, थाना बदलापुर) एसबीआई बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। इस दौरान मुस्तफाबाद स्थित यूनियन बैंक के पास चाय पीने के लिए रुकने पर अज्ञात बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल की डिग्गी से 5 लाख रुपये पार कर दिए थे। इस संबंध में थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए यह साबित कर दिया है कि अपराधियों की खैर नहीं , वहीं क्षेत्र में पुलिस की सराहना, और बदमाशों के पकड़े जाने की चर्चा जोरों पर है.
