*पुलिस मुठभेड़ में दो गिरफ्तार, एक घायल; अवैध असलहा व नकदी बरामद*
********************
*संवाद :माता चरण पांडे*
जौनपुर। जनपद के थाना तेजीबाजार पुलिस एवं थाना बदलापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को मुठभेड़ के दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ की यह घटना कलिंजरा पुलिया के पास की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार संदिग्धों के मोटरसाइकिल से भागने की सूचना पर घेराबंदी की गई। रोकने का प्रयास करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की। इस दौरान एक आरोपी घायल हो गया।
थाना तेजीबाजार पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मुठभेड़ में राहुल यादव के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि दूसरा आरोपी विपिन पाल भागते समय गिरकर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वहीं तीसरा आरोपी अतुल सिंह मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक अवैध पिस्टल, कारतूस, एक मोटरसाइकिल तथा लगभग 1.30 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी मिली है कि आरोपी अवैध असलहा खरीदने जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। फरार आरोपी की तलाश के साथ ही मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
