*मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 96 मरीजों का उपचार, जांच सुविधाओं के अभाव से परेशानी*
********************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
जौनपुर। जनपद के सिंगरामऊ एवं जमऊपट्टी में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। प्रदेश सरकार की पहल पर आयोजित इन मेलों में बदलापुर सीएचसी प्रभारी डॉ. संजय दुबे के नेतृत्व में कुल 96 मरीजों का उपचार किया गया।
सिंगरामऊ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित मेले में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। यहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक वर्मा के कक्ष में विशेष भीड़ देखने को मिली। हालांकि, खून सहित अन्य आवश्यक जांच सुविधाओं के अभाव में मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सिंगरामऊ में डॉ. अभिषेक वर्मा के साथ महिला चिकित्सक डॉ. श्रुति पांडे, पूजा त्रिपाठी एवं फार्मासिस्ट श्रीराम यादव ने सेवाएं दीं। वहीं जमऊपट्टी में डॉ. सुशील यादव, डॉ. दिनेश यादव तथा एएनएम मीरा यादव व मोने अली की देखरेख में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
मेले में आए अधिकांश मरीज सर्दी, खांसी, वायरल फीवर एवं एलर्जी से पीड़ित पाए गए, जबकि कुछ मरीजों में डायरिया और टाइफाइड के लक्षण भी देखे गए। महिला चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं की जांच कर उन्हें आयरन की गोलियां वितरित कीं तथा संतुलित आहार—दाल, दलिया और हरी सब्जियों के सेवन की सलाह दी। साथ ही प्रसव पीड़ा होने पर सरकारी एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचने और उपलब्ध सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाने के प्रति जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों से साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छरों से बचाव हेतु मच्छरदानी के उपयोग तथा बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।
मरीजों ने स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए इस पहल को जनहित में उपयोगी बताया। चिकित्सकों के अनुसार मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव—दिन में गर्मी और रात में ठंडक—के कारण डायरिया जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों एवं शुगर-बीपी के मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
