*सिंगरामऊ व जमऊपट्टी में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आयोजित, 111 मरीजों का उपचार*
********************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिंगरामऊ/जमऊपट्टी (जौनपुर)। प्रदेश सरकार की पहल पर बदलापुर सीएचसी प्रभारी डॉ. संजय दुबे के नेतृत्व में सिंगरामऊ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं जमऊपट्टी में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। दोनों स्थानों पर कुल 111 मरीजों का उपचार किया गया।
सिंगरामऊ में आयोजित मेले में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। यहां डॉ. अभिषेक वर्मा के कक्ष में मरीजों की अधिक भीड़ देखने को मिली और कक्ष पूरी तरह भरा रहा। हालांकि खून व अन्य जांच की सुविधा उपलब्ध न होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सिंगरामऊ में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक वर्मा, महिला चिकित्सक डॉ. श्रुति पांडे, पूजा त्रिपाठी एवं फार्मासिस्ट श्रीराम यादव की टीम ने मरीजों की जांच कर उपचार किया। वहीं जमऊपट्टी में डॉ. सुशील यादव, डॉ. मनीष मौर्य एवं एएनएम मीरा यादव की देखरेख में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
मेले में पहुंचे अधिकांश मरीज सर्दी, खांसी, जुकाम, वायरल फीवर और एलर्जी से पीड़ित पाए गए, जबकि कुछ मरीजों में डायरिया के लक्षण भी मिले।
महिला चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं की जांच कर उन्हें आयरन की गोलियां वितरित कीं और संतुलित आहार जैसे दाल, दलिया एवं हरी सब्जियों के सेवन की सलाह दी। साथ ही प्रसव पीड़ा होने पर सरकारी एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचने और उपलब्ध सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों से साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी के उपयोग तथा लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।
मेले में आए मरीजों ने स्वास्थ्य कर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक सराहनीय पहल बताया। हालांकि जांच सुविधाओं के अभाव में कई मरीजों को निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ा, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ा।
