*प्रतापगढ़ में 16 केंद्रों पर दारोगा भर्ती परीक्षा, में 21,120 अभ्यर्थी हुए शामिल*
*एडीजी प्रयागराज जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण*
अनिल मिश्र
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा शनिवार से जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर दो दिवसीय उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा शुरू हो गई है। इसमें कुल 21,120 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
प्रयागराज मंडल के एडीजी ज्योति नारायण ने देल्हूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम विकास इंटरमीडिएट कॉलेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया ।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 5,280 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है प्रशासन के अनुसार, प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट कोषागार के लॉकर से सुबह सात बजे सेक्टर मजिस्ट्रेट को उपलब्ध कराए गए,
जिन्हें सुरक्षा के बीच संबंधित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया। दूसरी पाली के लिए प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट दोपहर एक बजे कोषागार से जारी किए गए।जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने बताया कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात किए गए हैं। अभ्यर्थियों की बायोमीट्रिक उपस्थिति भी दर्ज की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए तीन परीक्षा केंद्रों पर एक-एक क्षेत्राधिकारी (सीओ) को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
पीबीपीजी कॉलेज में परीक्षार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण वहां एक सीओ की स्थायी तैनाती की गई है। एडीजी ज्योति नारायण ने बताया कि प्रयागराज मंडल में 76 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार सभी केंद्रों पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है और परीक्षा नकलविहीन, पारदर्शी तथा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जाएगी।
