*जौनपुर में जनगणना तैयारियों की समीक्षा, मई से शुरू होगा प्रथम चरण*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर।
कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में जिला जनगणना समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी जनगणना की तैयारियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं संसाधनों की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जनगणना का प्रथम चरण मई माह से प्रस्तावित है।
बैठक के दौरान जनगणना कार्य निदेशालय के प्रतिनिधि एवं जनपद जनगणना प्रभारी युवराज गर्ग ने उपस्थित अधिकारियों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने डेटा संकलन की प्रक्रिया, तकनीकी व्यवस्थाओं तथा फील्ड स्तर पर बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी देते हुए कार्य को त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसके आधार पर विभिन्न विकास योजनाओं का निर्माण और क्रियान्वयन सुनिश्चित होता है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को पूर्ण पारदर्शिता, गंभीरता और समयबद्धता के साथ संपन्न किया जाए। साथ ही सभी गणनाकारों को फील्ड में जाते समय अनिवार्य रूप से अपना पहचान पत्र धारण करने के निर्देश दिए, ताकि कार्य में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, जॉइंट मजिस्ट्रेट सौरभ कुमार, समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
