*अवैध कट से मुड़ने के दौरान कार-बाइक की टक्कर, महिला की मौत*
*सिगरामऊ NH 731 स्टेशन के सामने की घटना*
********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिंगरामऊ। फोरलेन 731 पर मिश्रौली गांव के पास डिवाइडर पर बने अवैध कट से मुड़ने के प्रयास में शुक्रवार को कार और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार ग्राम दउदहा, थाना महराजगंज निवासी रीता पाल (45), पत्नी बनवारी पाल, अपने भतीजे छोटू पाल के साथ स्थानीय थाना क्षेत्र के बहरीपुर स्थित रिश्तेदारी में जा रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक मिश्रौली गांव के पास फोरलेन के डिवाइडर पर बने अवैध कट से पार होने लगी, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक घसीटते हुए आगे बढ़ी और दूसरी बाइक से जा टकराई। इससे दूसरी बाइक पर सवार अमन (20), निवासी नारायणपुर, बदलापुर भी घायल हो गया।

घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस और पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रीता पाल को मृत घोषित कर दिया। अन्य दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक सैयद हुसैन मुंतजर ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
