फिरोजपुर स्वयंभू मंदिर में नंदी महाराज की प्राण प्रतिष्ठा, क्षेत्र में उत्साह का माहौल

*फिरोजपुर स्वयंभू मंदिर में नंदी महाराज की प्राण प्रतिष्ठा, क्षेत्र में उत्साह का माहौल*

********************

*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*

सिगरामऊ क्षेत्र के जमऊपट्टी पट्टी ग्राम पंचायत अंतर्गत फिरोजपुर गांव स्थित स्वयंभू बाबा वनखंडेश्वर नाथ मंदिर में शुक्रवार को भगवान शिव के वाहन नंदी महाराज तथा शिव परिवार की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालु भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र भक्ति रस में सराबोर नजर आया।

ग्रामीणों व क्षेत्रवासियों के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में कर्मकांडी प्रकांड विद्वान अच्युतानंद शुक्ला द्वारा मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन कराया गया। मंदिर परिसर में पूर्व से छोटे नंदी की प्रतिमा स्थापित है, किंतु स्वयंभू रूप में प्रकट हुए भगवान भोलेनाथ की विशाल प्रतिमा के अनुरूप बड़ी नंदी प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय ग्रामवासियों एवं मंदिर समिति ने सर्वसम्मति से लिया।

प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व नंदी महाराज सहित शिव परिवार के भगवान गणेश एवं कार्तिकेय महाराज की तस्वीरों को अन्न से आच्छादित कर विधिवत पूजन किया गया। इसके उपरांत नंदी प्रतिमा को रथ पर विराजमान कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। मूर्ति परिक्रमा यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथों में ध्वज-पताका लिए शामिल हुए। यात्रा क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में पहुंची, जहां मंत्रोच्चार के साथ शक्ति ग्रहण कर प्रतिमा को स्थापना स्थल तक लाया गया।

भक्तों द्वारा मंदिर के लिए छोटे-बड़े कुल लगभग 40 घंटे भी समर्पित किए गए, जिनकी ध्वनि से वातावरण भक्तिमय हो उठा। स्थापना के समय “हर-हर महादेव”, “नंदीश्वर नाथ की जय” और “नंदी महाराज की जय” के उद्घोष के साथ शंख, घड़ियाल और घंटों की गूंज से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।

 

इस अवसर पर मंदिर पुजारी सिंधु शुक्ला सहित मंदिर समिति के सदस्य संतोष शुक्ला, डॉ. श्री प्रकाश शुक्ला, लल्लू शुक्ला, गोविंद शुक्ला, दिनेश शुक्ला, स्वामीनाथ शुक्ला, शुभम पांडे, दुर्गा प्रसाद, विवेक (बीडीसी), ध्रुव, अंकुर, स्वतंत्र शुक्ला समेत गांव के महिला-पुरुष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया और दिनभर मंदिर परिसर में भक्ति एवं श्रद्धा का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *