*बरईपार बाजार में बीती रात सराफा की दुकान में सेंधमारी, पुलिस की गश्त पर उठे सवाल*
********************
*संवाद: माता चरण पांडे*
बरईपार (जौनपुर)।
बरईपार बाजार में बीती रात चोरों ने एक सराफा की दुकान में सेंधमारी कर क्षेत्र में दहशत फैला दी। घटना से व्यापारियों में रोष व्याप्त है। बताया जा रहा है कि चोर देर रात दुकान के पीछे की दीवार काटकर अंदर घुसे और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी की वारदात के बाद सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो सेंधमारी की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही बाजार में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
इतना ही नहीं, चोरों ने सराफा दुकान के बगल में स्थित कमलेश चायवाले की दुकान को भी निशाना बनाया। वहां से करीब 3 किलो घी चुरा ले गए। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में रात में पुलिस गश्त न के बराबर रहती है, जिसके चलते चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
