*1.32 कुंतल अवैध गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार*
********************
*संबाद :प्रेम शर्मा*
जौनपुर। जिले के खुटहन थाना क्षेत्र अंतर्गत सौरैया गांव में पुलिस ने मंगलवार की देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.32 कुंतल अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की बाजार कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई है।
थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बुधवार को बताया कि वह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान खुटहन की ओर से एक बाइक पर प्लास्टिक की बोरी लादकर आ रहे दो युवक पुलिस को देखकर अचानक बाइक मोड़कर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान बोरी से गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि पांच बोरी गांजा उन्होंने अपने घर के सामने टीनशेड के नीचे भूसे में छिपाकर रखा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भूसे में छिपाई गई बोरियों से भी गांजा बरामद कर लिया।
पुलिस ने आरोपितों के पास से 1500 रुपये नकद और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार तस्करों की पहचान रामनगर गांव निवासी पिंटू निषाद और प्रमोद निषाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पिंटू निषाद दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के एक मामले में पूर्व से आरोपी है, जिसके खिलाफ चार वर्ष पूर्व खुटहन थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था।
दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
