*सड़क हादसे में इनोवा–ट्रैक्टर टक्कर, किशोर की मौत, नौ घायल*
********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
बदलापुर। कोतवाली क्षेत्र के बबुरा गांव स्थित फोरलेन पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लखनऊ की ओर से आ रही इनोवा कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर विपरीत दिशा में जाकर बैंड-बाजा लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार इनोवा कार संख्या यूपी 62 एएक्स 0007 तेज रफ्तार में थी। अनियंत्रित होने के बाद कार डिवाइडर से टकराई और मार्ग पार करते हुए सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली संख्या यूपी 62 बी 5519 से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार करीब 15 वर्षीय सक्षम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बदलापुर सुनील चंद्र तिवारी और प्रभारी निरीक्षक शेष कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
घायलों में इनोवा कार सवार आशुतोष (22) निवासी गोंडा, रहमत (25) निवासी अंबेडकर नगर, मनीष (18) निवासी सीतापुर तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार फत्तूपुर निवासी अमरजीत (39), मधुबन (60), नन्हें (32), मनीष गौतम (28), इरफान (14) और प्रदीप गौतम (30) शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
