पांच सड़कों का लोकार्पण, ग्रामीणों को मिली बेहतर सड़क सुविधा
सुलतानपुर।
इसौली विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड बल्दीराय में रविवार को जिला पंचायत सुलतानपुर निधि के 15वें वित्त आयोग की अनटाइड ग्रांट योजना के अंतर्गत विभिन्न गांवों में निर्मित पांच सड़कों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार सिंह ने फीता काटकर सड़कों का उद्घाटन किया।

लोकार्पित सड़कों में कोटवा कांपा गांव में इंटरलॉकिंग सड़क, बद्री अहीर के पुरवा में खड़ंजा निर्माण, अरवल पतुलकी गांव में खड़ंजा निर्माण, गौरा बरामऊ में इंटरलॉकिंग सड़क तथा ग्राम पंचायत भखरी में इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य शामिल है। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए शिवकुमार सिंह ने कहा कि जिला पंचायत की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। सड़कें विकास की रीढ़ होती हैं, जिनसे गांव प्रगति की मुख्यधारा से जुड़ते हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य बद्रीनाथ यादव, डॉ. सूरज वैश्य, अरविंद सिंह त्रिलोकचंदी बबलू, ठेकेदार वेद अग्रहरि, बीडीसी अब्दुल्ला खान, सतीश सिंह, ठेकेदार महेश, पूर्व बीडीसी इंद्रपाल, बीडीसी दाताराम, कृष्ण कुमार वर्मा, बीडीसी अतुल मिश्र, बी.के. मिश्रा, सरबजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
जिला संवाददाता शुभम् कौशल
