मुख्य राजस्व अधिकारी ने मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
सुलतानपुर, 25 जनवरी।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एवं जिलाधिकारी के निर्देशन में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी बाबू राम द्वारा उपजिलाधिकारी सदर विपिन द्विवेदी, उपजिलाधिकारी शिव प्रसाद सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों तथा छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई।
इसके पश्चात मुख्य राजस्व अधिकारी द्वारा केशकुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं राजकीय इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई मतदाता जागरूकता रैली को कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा दिल्ली से प्रसारित लाइव कार्यक्रम को कलेक्ट्रेट सभागार में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से देखा व सुना गया। इस दौरान नए मतदाताओं कुमारी फातिमा, मनीष, अमितांश, मनीषा, संध्या सिंह, वानी छावड़ा, गुरमीत कौर, बृजेश, अभय सहित अन्य को मतदाता सूची में शामिल होने पर बधाई देते हुए मतदाता पहचान पत्र वितरित किए गए।
साथ ही विधानसभा क्षेत्र-188 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ श्रीमती कांति देवी, श्रीमती अमरावती देवी, श्रीमती रेशमा बेगम, श्रीमती नीशा देवी एवं श्रीमती भीमवती को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों द्वारा उपस्थित नागरिकों से मतदान के दौरान अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की गई।
इसके उपरांत केशकुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मतदाता जागरूकता के लिए रंगोली एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उपजिलाधिकारी शिव प्रसाद, बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र गुप्ता, सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर, प्राचार्य पल्लवी सिंह सहित संबंधित अधिकारी, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
जिला संवाददाता शुभम् कौशल
