*उत्तर प्रदेश दिवस पर जौनपुर के जिलाधिकारी सम्मानित*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल *
लखनऊ/जौनपुर।
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर जौनपुर के जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र को लखनऊ में सम्मानित किया गया। उन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
यह सम्मान जनपद जौनपुर द्वारा अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्यों की सफल पूर्ति और उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया है। उत्तर प्रदेश शासन ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में जौनपुर जनपद के प्रयासों की सराहना की है। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के नेतृत्व में जनपद ने इस अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
पुरस्कार प्राप्त करने के बाद जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने इस उपलब्धि को पूरी टीम के सामूहिक और अथक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, लीड बैंक मैनेजर अभय श्रीवास्तव, सभी बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों, उपायुक्त उद्योग संदीप कुमार, सहायक आयुक्त उद्योग जयप्रकाश सहित अभियान से जुड़े अन्य अधिकारियों, उद्यमियों एवं मीडिया कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में शत-प्रतिशत योगदान सुनिश्चित करते हुए भविष्य में भी जनपद को प्रथम स्थान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
