*प्रतापगढ़ आसपुर देवसरा के प्राथमिक विद्यालय सोनपुरा से शिक्षक नदारद, राम भरोसे मासूम*

*प्रतापगढ़ आसपुर देवसरा के प्राथमिक विद्यालय सोनपुरा से शिक्षक नदारद, राम भरोसे मासूम*

*अभिभावकों में भारी रोष जौनपुर – वाराणसी मुख्य मार्ग के किनारे स्थित स्कूल में मंडरा रहा बड़ा खतरा*

अनिल मिश्र

प्रतापगढ़ में उत्तर प्रदेश सरकार भले ही शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। आसपुर देवसरा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सोनपुरा में शिक्षा विभाग की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूल से सभी शिक्षक और शिक्षिकाएं गायब मिले, जबकि मासूम बच्चे बिना किसी देख-रेख के स्कूल परिसर में खेलते नजर आए।

*सड़क किनारे स्कूल, हादसे को दावत*

सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि यह विद्यालय जौनपुर-वाराणसी मुख्य मार्ग पर स्थित है। इस मार्ग पर दिन-भर तेज रफ्तार वाहनों का आवागमन बना रहता है। स्कूल में शिक्षकों की अनुपस्थिति और गेट पर किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति के न होने से कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। खेल-खेल में यदि कोई बच्चा सड़क की ओर निकल जाए, तो उसका जिम्मेदार कौन होगा?

*मौके से नदारद मिला स्टाफ*

स्थानीय लोगों और राहगीरों ने जब स्कूल का नजारा देखा तो दंग रह गए। दोपहर के साढ़े बारह बज रहे थे, जो कि स्कूल का मुख्य शैक्षणिक समय होता है, लेकिन क्लासरूम खाली पड़े थे और शिक्षक-शिक्षिकाएं ड्यूटी से नदारद थे। पूरे स्टाफ के गायब होने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि विद्यालय को पूरी तरह भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है।

*अधिकारियों का रुख: बीएसए ने दिए जांच के आदेश*

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जब जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) से संपर्क किया गया, तो उन्होंने मामले को संज्ञान में लिया है।

“मामला संज्ञान में आया है। प्राथमिक विद्यालय सोनपुरा में शिक्षकों की अनुपस्थिति की गंभीरता से जांच करवाई जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी और उचित विभागीय कार्यवाही की जायेगी।”

*बीएसए, प्रतापगढ़*

 

*अभिभावकों का फूटा गुस्सा*

ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षकों की यह मनमानी बच्चों के भविष्य और सुरक्षा के साथ सीधा खिलवाड़ है। ग्रामीणों ने मांग की है कि केवल कागजी कार्यवाही न होकर, धरातल पर सुधार दिखना चाहिए ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!