जौनपुर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ

*जौनपुर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ*

 

*दिलाई गई सड़क सुरक्षा की शपथ*

*********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देश पर गुरुवार को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ किया गया। यह अभियान एक जनवरी से 31 जनवरी तक जीरो फैटेलिटी माह के रूप में मनाया जाएगा। पहले दिन कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का उद्घाटन किया और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई।

 

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहकर ही दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने आमजन से सुरक्षित वाहन संचालन की अपील की।

 

कार्यक्रम के अंतर्गत सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जागरूकता रथ एनसीसी के छात्र, यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग के कार्मिकों के साथ कलेक्ट्रेट से निकलकर आंबेडकर तिराहा, महात्मा गांधी तिराहा होते हुए एआरटीओ कार्यालय परिसर में पहुंचकर संपन्न हुआ।

 

इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, उपजिलाधिकारी सदर संतवीर सिंह, सीओ ट्रैफिक गिरेन्द्र सिंह, कलेक्ट्रेट अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष घनश्याम सिंह, महामंत्री मनोज मिश्रा सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

नि:शुल्क हेलमेट का किया गया वितरण

 

इसी क्रम में मुरादगंज तिराहा के पास चिकित्सक डॉ. आलोक यादव की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे चालकों को नि:शुल्क हेलमेट वितरित किए गए। कुल 100 हेलमेट बांटे गए। साथ ही आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देकर सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *